हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल की बी-1 परीक्षा सर्वर क्रैश होने की वजह से स्थगित हो गई है। अब नई तिथि जल्द जारी होगी। रविवार को यह परीक्षा प्रदेश के 14 केंद्रों में आयोजित की गई थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही सर्वर क्रैश हो गया। इस करण परीक्षा आयोजित ही नहीं हो सकी। परीक्षा देने के लिए 4400 के करीब जवान पहुंचे थे।
14 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे
प्रदेश में पुलिस जवानों की पदोन्नति के लिए अयोजित की जाने वाली बी-वन परीक्षा के लिए 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पहले 21 सितंबर को पुलिस विभाग की बी-वन की परीक्षा आयोजित की जानी थी, लेकिन प्रदेश में भारी बारिश के कारण पुलिस विभाग की बी-वन की परीक्षा में बदलाव किया गया और परीक्षा को 26 अक्टूबर को प्रस्तावित किया गया।
8 साल के इंतजार के बाद आयोजित हुई थी परीक्षा
कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल पदोन्नति के लिए यह परीक्षा आयोजित होती है। पिछले कई सालों से परीक्षा का आयोजन नहीं हो रहा था। सरकार ने इस टेस्ट को आयोजित करने की मंजूरी दी थी। पुलिस विभाग में करीब आठ साल बाद बी-वन परीक्षा का अयोजन किया गया था।
877 जवान बनने थे हेड कांस्टेबल
हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग की ओर से आयोजित टेस्ट में उत्तीर्ण होने वाले जवानों में से ही 877 हेड कंस्टेबल के पद भरे जाने प्रस्तावित थे।
परीक्षा के एप में आ गई थी तकनीकी खामी
परीक्षा करवाने के लिए तैयार की गई एप्लीकेशन में तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह परीक्षा नहीं हो पाई। एप्लीकेशन के क्रैश होने के कारण यह परीक्षा रविवार को नहीं हो पाई है। ऐसे में अब परीक्षा की अगली तिथि के बारे में पुलिस मुख्यालय की ओर से निर्णय लिया जाएगा।



