डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर अब औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन की परिवहन व्यवस्था और उद्योगों पर साफ दिखाई देने लगा है। डीजल के दामों में 2.71 रुपए प्रति लीटर की नई बढ़ोतरी के बाद देश की सबसे बड़ी ट्रक ऑपरेटर यूनियनों में शामिल नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर यूनियन ने एक बार फिर मालभाड़ा बढ़ा दिया है। यूनियन ने इस बार 60 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से मालभाड़े में इजाफा किया है।
नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इससे पहले 16 मई को यूनियन ने 90 पैसे प्रति किलोमीटर तथा 24 मई को 30 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से मालभाड़ा बढ़ाया था।
लगातार तीसरी बार हुई इस बढ़ोतरी के बाद बीते करीब दस दिनों में मालभाड़े में कुल एक रुपए 80 पैसे प्रति किलोमीटर तक की वृद्धि हो चुकी है। ट्रक यूनियन द्वारा औद्योगिक संगठनों के साथ पूर्व में तय फार्मूले के आधार पर यह वृद्धि की गई है। यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार डीजल कीमतों में वृद्धि होने पर तय अनुपात के अनुसार मालभाड़े की दरों में संशोधन किया जाता है।
