हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रश्न ही नहीं, बल्कि उन्हें लिखने का तरीका भी बताएगा। बोर्ड ने यह व्यवस्था 10वीं और 12वीं कक्षा के लिए जारी किए गए (Competency Based Question Bank) कंपीटेंसी बेस्ड प्रश्न बैंक में उपलब्ध करवाई है। पहले चरण में 10वीं के 5 और 12वीं कक्षा के 14 विषयों के प्रश्नों का बैंक उपलब्ध करवाया गया है। इसमें अध्याय के आधार पर पूछे जाने वाले प्रश्नों और उनके समाधानों को बताया गया है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसरण में कक्षा 10वीं व 12वीं कक्षा के छात्रों की सुविधा के लिए कंपीटेंसी बेस्ड क्वेश्चन बैंक तैयार करवाया है। बोर्ड ने पहली बार विद्यार्थियों की सुविधा के लिए इसे तैयार किया है। अभी तक इसमें एकेडमिक विषयों को शामिल किया गया है।
जल्द वोकेशनल विषयों के प्रश्न बैंक को भी तैयार कर छात्रों को सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
बोर्ड के तैयार प्रश्न बैंक को वेबसाइट पर अपलोड़ कर दिया गया है, इससे उन विद्यार्थियों को भी सुविधा मिलेगी, जो कोचिंग लेने मेें असमर्थ हैं। – डॉ. राजेश शर्मा, अध्यक्ष, स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला



