Himachal: करुणामूलक रोजगार के नियम बदलेंगे, सभी पात्र व्यक्तियों को रोजगार देगी सरकार

mukesh agnihotri

हिमाचल प्रदेश में करुणामूलक आधार पर नौकरियां देने के नियम बदलेंगे। कैबिनेट सब कमेटी 15 दिन में सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप देगी। बुधवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायकों ने पात्रों को नौकरी नहीं मिलने का मामला उठाते हुए सरकार को घेरा तो मुख्यमंत्री की गैर मौजूदगी में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी विपक्षी सदस्यों को खूब खरी खोटी सुनाई।

 

कैबिनेट सब कमेटी के अध्यक्ष रोहित ठाकुर ने 15 अप्रैल से पहले रिपोर्ट तैयार होने का सदन में आश्वासन दिया। अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार करुणामूलक आधार पर सभी पात्राें को समयबद्ध नौकरी देगी। मंत्रिमंडलीय समिति की सिफारिशों के आधार पर नौकरी दी जाएगी।

 

नौकरी में वही नीति चल रही है जो पूर्व भाजपा सरकार ने बनाई है। विभागों के पास पांच फीसदी रोजगार देने का अधिकार है और उसके मुताबिक ही पात्रों को खाली पदों पर नौकरी दे रहे हैं। पेंशन आय का हिस्सा है और उसे इसमें जोड़ा जाता रहा है। पेंशन के लिए सरकारी कोष से धन जारी होता है।
उन्होंने कहा कि विभागों में 31 अक्तूबर 2024 तक करुणामूलक आधार पर रोजगार के कुल 1,839 लंबित मामले हैं। विभाग 7 मार्च 2019 को जारी संशोधित दिशानिर्देश के आधार पर करुणामूलक मामलों का निपटारा व निस्तारण कर रहे हैं।
वर्तमान नीति के अनुसार विभागों में कुल 2,524 मामले अस्वीकृत किए गए हैं। इससे पहले भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती, सुरेंद्र शौरी, रणधीर शर्मा और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने करुणामूलक आधार पर नौकरियां नहीं दिए जाने का मामला उठाया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!