HP GOVT
हिमाचल प्रदेश सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में मनमानी फीस वसूली और हॉस्टल लेने की अनिवार्यता को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू) नेरचौक के कुलपति को इस संबंध में पत्र जारी किया है। निर्देशों के अनुसार सभी कॉलेजों की पाठ्यक्रमवार फीस संरचना सार्वजनिक की जाएगी। इसमें सरकार की ओर से अनुमोदित सभी मान्य शुल्क शामिल होंगे।
हॉस्टल की अनिवार्यता खत्म
यह जानकारी एएमआरयू और संबंधित कॉलेजों की वेबसाइट पर प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी। भविष्य में परीक्षा परिणाम घोषित होने के समय भी फीस का पूरा विवरण उपलब्ध रहेगा। हॉस्टल की अनिवार्यता भी खत्म कर दी गई है।
निर्देशों में विभिन्न पाठ्यक्रमों के तहत विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी मेडिकल कॉलेजों में सरकार की ओर से अनुमोदित फीस संरचना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और उसका सख्ती से पालन करने को कहा है। सरकार के संज्ञान में आया था कि कुछ कॉलेज निर्धारित दरों से अधिक फीस वसूल रहे हैं।
एक समान नियमों का पालन सुनिश्चित
वहीं, कुछ संस्थानों में छात्रों के लिए हॉस्टल की फीस भी अनिवार्य की जा रही है। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय के माध्यम से सभी संबद्ध कॉलेजों में एक समान नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अब सीट आवंटन पत्र के साथ भी अनुमोदित फीस संरचना दी जाएगी। सीट आवंटित होने वाले प्रत्येक छात्र को ई-मेल, व्हाट्सएप और रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से फीस का विवरण भेजा जाएगा। इससे प्रवेश के समय अतिरिक्त या अनधिकृत शुल्क को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं रहेगा।
हिमाचल विधानसभा के बाहर BJP का प्रदर्शन, धारा 118 पर सुक्खू सरकार को घेरा
किसी छात्र के लिए हॉस्टल में रहना अनिवार्य नहीं होगा। केवल अपनी इच्छा से हॉस्टल की सुविधा लेने वाले छात्रों से ही अनुमोदित दरों के अनुसार शुल्क लिया जाएगा। प्रवेश लेने, पढ़ाई जारी रखने या परीक्षा में बैठने के लिए किसी भी छात्र को सीधे या परोक्ष रूप से हॉस्टल लेने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
हिमाचल में VB-G RAM G योजना के तहत 1,351 पद स्वीकृत, नई सेवा शर्तें लागू
