Himachal Job Scam: बेरोजगारों से 2 करोड़ की ठगी, 378 शिकायतों से मचा हड़कंप

Himachal Job Scam

हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन नौकरी के नाम पर बेरोजगार युवाओं से भारी साइबर ठगी हो रही है। नौ महीनों में जॉब स्कैम की 378 शिकायतें साइबर क्राइम सेल पहुंची हैं। इन मामलों में शातिर ठगों ने युवाओं से दो करोड़ रुपये की रकम ऐंठी है। ठगों के निशाने पर ऑनलाइन नौकरी तलाश रहे युवा हैं।

Himachal Job Scam
Cyber Crime

साइबर ठग सोशल साइटों पर लुभावने विज्ञापन और प्रलोभन देकर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे हैं। युवाओं को डाटा एंट्री, पैराग्राफ राइटिंग, पार्ट-टाइम और सोशल मीडिया टास्क का झांसा दिया जाता है। इसके अलावा विदेशी नौकरियों, पैकेज रिसिपर या लॉजिस्टिक्स मैनेजर की नौकरी देने के नाम पर भी फंसाया जा रहा है। चिंता की बात यह है कि 378 शिकायतें केवल वे हैं, जिनकी जानकारी साइबर हेल्पलाइन नंबर पर दी गई है।

Job Scam
Job Scam

वास्तविकता में प्रदेश के हजारों युवाओं को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। ठग बेहतरीन नौकरी का झांसा देकर युवाओं का विश्वास जीतते हैं। इसके बाद पंजीकरण फीस, सत्यापन, ट्रेनिंग मेटेरियल, सॉफ्टवेयर, यूनिफॉर्म या वीजा फीस के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं। शुरुआत में पंजीकरण फीस महज 500 रुपये हो सकती है, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे डिमांड बढ़ाई जाती है। बेरोजगारी से परेशान युवा झांसे में आकर पैसे दे देते हैं। इसके बाद मोबाइल नंबर और पेज बंद कर दिए जाते हैं।

 

सूझबूझ से टली 17 हजार की ठगी

प्रदेश के एक युवक ने इंस्टाग्राम पर पैराग्राफ राइटिंग के काम के एवज में आकर्षक पैसे देने का विज्ञापन देखा। युवक ने फौरन इंस्टाग्राम डीएम के जरिये संपर्क कर नौकरी के लिए आवेदन कर दिया। उसे एक व्हाट्सएप नंबर दिया गया और पंजीकरण के लिए 500 रुपये मांगे गए। रुपये जमा करवाने के बाद सत्यापन के लिए पैन कार्ड विवरण और जीएसटी दस्तावेज मांगे गए। दस्तावेज देने के बाद ठगों ने 17,000 रुपये के अतिरिक्त भुगतान की मांग की। मंशा पर शक होने पर युवक ने समझदारी दिखाई और बड़ी ठगी होने से पहले ही हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत कर दी।

ऐसे बचें 

  • नौकरी, रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग, यूनिफॉर्म, लैपटॉप या सॉफ्टवेयर के नाम पर पहले पैसे मांगने वाली कंपनी फर्जी है।
  • गूगल पर कंपनी का असली नाम सर्च करें और आधिकारिक वेबसाइट व करियर पेज पर वैकेंसी जांचें।
  • गूगल पर कंपनी का नाम, स्कैम या रिव्यू लिखकर सर्च करें ताकि पुरानी शिकायतों का पता चल सके।
  • कंपनियां हमेशा आधिकारिक डोमेन  से ईमेल करती हैं।
  • बिना अनुभव बहुत कम काम के बदले मोटी सैलरी (जैसे घर बैठे रोजाना हजारों रुपये) का वादा हमेशा ट्रैप है।
  • ऑफर लेटर मिलने और कंपनी की पुष्टि से पहले अपना आधार, पैन कार्ड, बैंक अकाउंट नंबर साझा न करें।
  • हमेशा सुरक्षित जॉब साइट्स जैसे लिंक्डइन, नौकरी, इंडिड, इंटर्नशाला या सीधे कंपनी के करियर पेज से आवेदन करें।

हिमाचल में टोल टैक्स से राहत! 20 किलोमीटर दायरे के लोगों के लिए ₹1500 का पास

Author: Ram Bhardwaj

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *