hp police
Himachal Police Bharti: हिमाचल प्रदेश के ऊना में पुलिस भर्ती के दौरान अयोग्य घोषित अभ्यर्थी के धोखे से दोबारा मैदान में प्रवेश करने की घटना के बाद पुलिस मुख्यालय ने भर्ती प्रक्रिया की सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। अब प्रत्येक अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र का मिलान किया जाएगा। बायोमीट्रिक और ऑनलाइन हाजिरी से उपस्थिति दर्ज होगी।
अयोग्य घोषित अभ्यर्थियों का अलग रिकॉर्ड रखा जाएगा, ताकि वे दोबारा मैदान में प्रवेश कर शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल न हो सकें। मैदान के प्रवेश और निकासी द्वार पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। दस्तावेजों की जांच और टेस्ट के दौरान तैनात कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय होगी।
मोबाइल फोन ले जाने पर रोक
भर्ती मैदान में अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन ले जाने पर रोक रहेगी। अभिभावकों को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। भर्ती के दौरान अनुशासनहीनता और गड़बड़ी रोकने के लिए आयोजकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, ऊना में एक अभ्यर्थी को शारीरिक दक्षता परीक्षा में अयोग्य घोषित कर दिया था। इसके बावजूद उसने कथित तौर पर धोखे से दोबारा मैदान में प्रवेश कर टेस्ट देने का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।
पैसे मांगने वालों से भी सतर्क रहने को कहा
पुलिस मुख्यालय ने भर्ती में चयन का झांसा देकर पैसे मांगने वालों से भी सतर्क रहने को कहा है। यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर चयन करवाने का प्रलोभन देता है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की गई है। अभ्यर्थियों को कीमती सामान साथ न लाने की सलाह दी गई है। सामान लाने पर उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखना अनिवार्य होगा। अनुचित व्यवहार या अनुशासनहीनता पर अभ्यर्थी की परीक्षा रद्द कर उसे भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया जा सकता है। भर्ती में लगने वाले समय को देखते हुए अभ्यर्थियों को अपना भोजन साथ लाने की सलाह भी दी गई है।
ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य।

अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र की दो प्रतियां, हाल ही में खिंचवाई दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचल बोनाफाइड प्रमाणपत्र की मूल प्रति, दसवीं और बारहवीं के प्रमाणपत्र, आरक्षित श्रेणी का मूल प्रमाणपत्र और आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा। पहचान पत्र की एक प्रतिलिपि भी रखनी होगी। जिला पुलिस भर्ती समिति जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थियों का डोप टेस्ट भी करवा सकेगी।
अभ्यर्थियों को अफवाहों और भर्ती में चयन के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहना चाहिए। भर्ती प्रक्रिया के दौरान नियमों का उल्लंघन या किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-अशोक तिवारी, डीजीपी
हिमाचल मेडिकल कॉलेजों में मनमानी फीस पर रोक, हॉस्टल अनिवार्यता खत्म
