Pangi : सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण संसारी-किलाड़-थिरोट-तांदी सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण के लिए लाहौल-स्पीति जिले में 4 बीघा 11 बिस्वा से अधिक निजी भूमि अधिगृहीत की जाएगी। प्रदेश सरकार ने उदयपुर उपमंडल के पांच गांवों जालमा, खरोती, चंबक, शेवर और कमरी की भूमि अधिग्रहण के लिए प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर दी है।
संसारी-किलाड़-तांदी मार्ग के विस्तारीकरण की तैयारी शुरू
सड़क का निर्माण 19.500 से 30.645 किलोमीटर तक बीआरओ के दीपक प्रोजेक्ट के तहत किया जाएगा। राजस्व विभाग की अधिसूचना के अनुसार भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया उचित मुआवजा और पारदर्शिता के साथ भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन अधिनियम, 2013 के तहत पूरी की जाएगी। प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और पुनर्स्थापन की जिम्मेदारी के लिए लाहौल के उपायुक्त को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
अधिसूचना में अधिगृहीत की जाने वाली भूमि के खेवट, खतौनी और खसरा नंबर का भी विवरण दिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचना जारी होने के बाद संबंधित भूमि की बिक्री, खरीद या अन्य किसी तरह का लेनदेन भूमि अधिग्रहण कलेक्टर की पूर्व अनुमति के बिना नहीं किया जा सकेगा। प्रभावित भूमि मालिक अधिसूचना प्रकाशित होने के 60 दिनों के भीतर अपनी आपत्तियां दर्ज करवा सकेंगे।
इसके लिए भूमि अधिग्रहण कलेक्टर एवं एसडीएम उदयपुर के समक्ष आवेदन करना होगा। सरकार ने परियोजना को अत्यावश्यक श्रेणी में रखते हुए सामाजिक प्रभाव आकलन (एसआईए) अध्ययन नहीं करवाने का निर्णय लिया है। हालांकि, भूमि अधिग्रहण से प्रभावित होने वाले परिवारों का विस्तृत ब्योरा बाद में उपलब्ध करवाया जाएगा।
हिमाचल में टोल टैक्स से राहत! 20 किलोमीटर दायरे के लोगों के लिए ₹1500 का पास