Vikramaditya Singh
हिमाचल में शहरों के लिए ब्राजील की तर्ज पर शहरी विकास विभाग योजनाए बनाएगा। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने ब्राजील दौरे के दौरान वहां के अधिकारियों के साथ शहरी विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार, निदेशक शहरी विकास विभाग डॉ. नीरज कुमार, शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने ब्राजील के शहर मंत्रालय में उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक में भाग लिया। बैठक में ब्राजील के शहरी एवं महानगरीय विकास संरचना विभाग की निदेशक क्रिस्टियाना स्कोरजा गुइमारेस सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हिमाचल प्रदेश और ब्राजील के शहरों के सामने मौजूद शहरी चुनौतियों तथा उनके संभावित समाधानों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सतत शहरी अवसंरचना, ठोस कचरा प्रबंधन, जलवायु लचीलापन एवं आपदा प्रबंधन और शहरी परिवहन एवं शहरी क्षेत्रों के पुनर्विकास जैसे विषय प्रमुख रहे। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण परिवहन, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और आपदा जोखिम कम करने से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए इन विषयों को महत्त्वपूर्ण बताया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने ब्राजील में शहरी विकास के क्षेत्र में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने पर भी जोर दिया। विशेष रूप से टिकाऊ शहरी बुनियादी ढांचे, हरित परिवहन और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के उपायों पर अनुभव साझा किए गए। शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ब्राजील दौरे के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों के बीच सकारात्मक और उपयोगी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान शहरी विकास से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य में सहयोग और अनुभव साझा करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
वीबी-जीराम जी में फर्जी हाजिरी पर लगेगी रोक, NMMS ऐप से दिन में 2 बार अटेंडेंस
