हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम एचआरटीसी बस के कंडक्टर को बच्चे की टिकट न काटना महंगा पड़ गया। हमीरपुर डिपो के अंतर्गत चल रही जंगलबैरी-शिमला रूट की बस में यह लापरवाही का मामला सामने आया है। नियमित निरीक्षण के दौरान निगम के जांच दल ने नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बस परिचालक पर नियमानुसार जुर्माना लगाया है। साथ ही भविष्य में इस तरह की चूक दोबारा न हो, इसके लिए कड़ी हिदायतें भी जारी की गई हैं। घटना सोमवार सुबह भोरंज क्षेत्र के डूंगरी के समीप की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जंगलबैरी से शिमला जा रही बस सुबह करीब साढ़े नौ बजे डूंगरी में रुकी, जहां एक महिला अपने दो बच्चों के साथ बस में सवार हुई। महिला ने घुमारवीं तक के लिए दो टिकट खरीदे और एक बच्चे की उम्र पांच वर्ष से कम बताई, जिस पर परिचालक ने उसका टिकट जारी नहीं किया। बस के आगे बढ़ने पर मार्ग में निरीक्षण दल ने बस में चढ़कर यात्रियों के टिकटों की जांच की। जांच के दौरान जब बच्चे से उसकी उम्र पूछी गई तो उसने स्वयं अपनी उम्र छह वर्ष बताई। इस पर निरीक्षण दल ने नियमों का उल्लंघन मानते हुए परिचालक को दोषी ठहराया और मौके पर ही जुर्माना लगाया।
हिमाचल के पर्यटन स्थलों में बर्फ के फाहे गिरते देख झूमे सैलानी



