हिमाचल में बिजली की दरें प्रति यूनिट 12 से 20 पैसे तक कम कर दी गई हैं। शुक्रवार को राज्य विद्युत विनियामक आयोग ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एनर्जी टैरिफ को घटाकर नई दरें जारी कीं। घरेलू दरें 15 पैसे प्रति यूनिट, व्यावसायिक दरें 12 पैसे और छोटे, मध्यम व बड़े उद्योगों की दरें 20 पैसे तक घटाई गई हैं।
घरेलू उपभोक्ताओं को मिलने वाले सब्सिडी का नई दरों में कोई उल्लेख नहीं है। सरकार से सब्सिडी नहीं मिली तो घरेलू उपभोक्ताओं को 1.73 रुपये प्रति यूनिट तक महंगी बिजली मिलेगी। आयोग ने बिजली के फिक्स्ड डिमांड चार्ज में कोई भी बदलाव नहीं किया है। नई दरें एक अप्रैल से लागू होंगी।बिजली बोर्ड ने 8403 करोड़ रुपये का वार्षिक खर्च होने का हवाला देते हुए आयोग के पास याचिका दायर की थी।
आयोग ने बोर्ड की याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रदेश में बिजली की सप्लाई की औसत 6.76 पैसे प्रति यूनिट तय की है। आयोग ने बिजली उपभोक्ताओं के एक स्लैब को खत्म कर दिया है। पहले 126 से 300 और 300 यूनिट से अधिक के दो स्लैब होते थे। इन्हें मर्ज करते हुए 126 से अधिक खपत का एक ही स्लैब बना दिया है।



