हिमकेयर की जगह नई हेल्थ स्कीम शुरू करेगी हिमाचल सरकार, इस कंपनी को टेंडर

HIM CARE

हिमाचल प्रदेश में हिमकेयर स्वास्थ्य बीमा योजना का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की विधानसभा में की गई घोषणा के अनुरूप करीब 10 लाख लोगों के लिए नई स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू करने जा रही है।

 

इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और आदित्य बिरला इंश्योरेंस कंपनी को योजना का टेंडर आबंटित किया गया है। टेंडर प्रक्रिया में कुल आठ कंपनियों ने भाग लिया था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद हिमकेयर योजना के तहत मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं को नई बीमा योजना में शामिल किया जाएगा। हालांकि, जिन लाभार्थियों के हिमकेयर कार्ड अभी वैध हैं, उन्हें कार्ड की निर्धारित अवधि पूरी होने तक पुरानी योजना का लाभ मिलता रहेगा।

 

इसके बाद उन्हें नई बीमा योजना के तहत दोबारा कार्ड बनवाना होगा। नई स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थियों को सालाना कितना शुल्क लिया जाएगा, यह अभी पूरी तरह से निर्धारित नहीं किया गया है।

किस परिवार से कितना प्रीमियम लेना है, वह अभी सरकार द्वारा निर्णय लिया जाना है। जो लोग प्रीमियम दे सकते हैं, उनसे दुगना शुल्क लिया जाना प्रस्तावित किया गया है। क्योंकि अगर किसी ने अपने स्तर पर निजी तौर पर 10 लाख का हेल्थ कवर लेना हो, तो कम से कम 20 से 25 हजार तक प्रीमियम चुकाना पड़ता है। इंश्योरेंस कंपनी को सरकार प्रति परिवार 4200 रुपए में हेल्थ कवरेज देगी।

हिमकेयर की जगह नई स्वास्थ्य योजना, सरकार देगी 420 करोड़ रुपये

सरकार की ओर से सालाना 420 करोड़ रुपए कंपनी को हैल्थ इंश्योरेंस के लिए प्रदान किया जाएगा, जिसके लिए लोगों से कितना प्रिमियम लिया जाएगा यह तय किया जाना बाकी है। इस हैल्थ पॉलिसी के जरिए प्रदेश के पात्र लोगों को अस्पतालों में उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

 

नई व्यवस्था में फिलहाल उन्हीं सरकारी अस्पतालों में बीमा योजना के कार्ड मान्य होंगे, जहां पहले से हिमकेयर के तहत निशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा निजी अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधा वाले संस्थानों को भी योजना में शामिल किया गया है।

 

हालांकि अन्य निजी अस्पतालों को फिलहाल योजना के दायरे से बाहर रखा गया है। इन अस्पतालों को भविष्य में योजना में शामिल किया जाएगा या नहीं, इस पर सरकार बाद में निर्णय लेगी। इस बदलाव के चलते प्रदेश के लाखों हिमकेयर लाभार्थियों को अब अपनी स्वास्थ्य बीमा सुविधा के लिए नई व्यवस्था के अनुरूप कार्ड बनवाने की प्रक्रिया से गुजरना होगा।

Himachal News : दिवाली पर श्रमिक परिवारों की चमकेगी किस्मत, CM सुक्खू बांटेंगे 6 करोड़ 10 लाख रुपये

 

Author: Ram Bhardwaj

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *