VB-G RAM G
हिमाचल प्रदेश ग्रामीण विकास विभाग ने विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (एनएमएमएस) ऐप के उपयोग को प्रभावी बनाया है। इस व्यवस्था के तहत रोजगार कार्यों में लगे श्रमिकों की उपस्थिति अब मोबाइल उपकरण के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज की जा रही है। इसके साथ कार्यस्थल के आवश्यक फोटोग्राफ और स्थान संबंधी जानकारी भी रिकॉर्ड की जाती है।
एनएमएमएस ऐप के माध्यम से प्रत्येक कार्यदिवस में श्रमिकों की उपस्थिति दो बार दर्ज और अपलोड की जाती है। पहली बार प्रात: और दूसरी बार दोपहर के समय उपस्थिति दर्ज की जाती है। इस प्रक्रिया में कार्यस्थल से संबंधित फोटोग्राफ भी लिए जाते हैं। जियो-टैगिंग की सुविधा के कारण फोटो के साथ कार्यस्थल के स्थान की जानकारी भी रिकॉर्ड होती है।इससे अधिकारियों को यह जांचने में मदद मिलती है कि संबंधित कार्यस्थल पर निर्धारित समय में श्रमिकों की उपस्थिति और काम की स्थिति क्या है। एनएमएमएस ऐप का मुख्य उद्देश्य वीबी-जी राम जी के तहत किए जा रहे रोजगार कार्यों से संबंधित सटीक, समयबद्ध और सत्यापन योग्य डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है।
डिजिटल निगरानी
एनएमएमएस ऐप से उपलब्ध डेटा के आधार पर पंचायत, विकास खंड, जिला और राज्य स्तर के अधिकारी श्रमिकों की भागीदारी तथा कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर सकेंगे। समय पर उपलब्ध डिजिटल जानकारी से प्रशासनिक स्तर पर निर्णय लेने और आवश्यक कार्रवाई में भी मदद मिलेगी। ग्रामीण विकास विभाग की इस पहल से वीबी-जी राम जी के तहत होने वाले रोजगार कार्यों में डिजिटल निगरानी को बढ़ावा मिलेगा।
एनएमएमएस ऐप में रियल-टाइम उपस्थिति और जियो-टैग्ड फोटोग्राफ
ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक राघव शर्मा ने बताया कि एनएमएमएस ऐप में रियल-टाइम उपस्थिति और जियो-टैग्ड फोटोग्राफ जैसी सुविधाओं को शामिल किए जाने का उद्देश्य रोजगार कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से फर्जी अथवा अनियमित उपस्थिति की संभावना को कम करने, कार्यस्थलों की निगरानी मजबूत करने और जवाबदेही तय करने में सहायता मिलेगी।
हिमाचल में TGT-लेक्चरर भर्ती जल्द: CM सुक्खू का आश्वासन, प्राथमिकता से आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
