हिमाचल में दिवाली के बाद गिरेगी बर्फ! चार जिलों में 13 नवंबर तक बारिश का अलर्ट
Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में दीपावली का त्योहार बीतने के बाद अब पहाड़ों पर बर्फबारी का इंतजार खत्म हो सकता है। प्रदेश में 10 नवंबर से मौसम बदलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से 10 से 13 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर और बढऩे के आसार हैं।
10 से 13 नवंबर तक 4 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 और 11 नवंबर को प्रदेश के मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 12 और 13 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बढऩे की संभावना है। इन दो दिनों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा जिलों के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी की संभावना जताई है। शिमला और मनाली में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। हालांकि, इस अवधि के लिए प्रदेश में कोई मौसम अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की गई है। दूसरी ओर मैदानी क्षेत्रों में 10 से 13 नवंबर के बीच मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इससे पहले 8 और 9 नवंबर को प्रदेशभर में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिली है। शिमला और मनाली में भी दिन के समय मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि, रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। शनिवार को प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
Himachal Cabinet Meeting: विधानसभा सत्र से पहले CM सुक्खू ने बुलाई कैबिनेट बैठक, बड़े फैसलों पर नजर