हिमाचल प्रदेश में राज्य सरकार की विशेष अनुदानित योजना के तहत राशन कार्ड धारकों को उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से फोर्टिफाइड सरसों तेल का वितरण सुचारु रूप से जारी है। हिमाचल प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कारपोरेशन लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में वर्तमान में सरसों तेल की पर्याप्त उपलब्धता है और दीपावली से पहले राशन कार्ड धारकों को इसका वितरण किया जा रहा है। इस योजना से प्रदेश के करीब 19 लाख राशन कार्डधारक परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
खाद्य आपूर्ति निगम की एमडी कुमद सिंह ने बताया कि पांच नवंबर तक अनुमोदित आपूर्तिकर्ताओं द्वारा 2510748 लीटर सरसों तेल निगम के थोक गोदामों में पहुंचाया जा चुका है। प्राप्त तेल की आपूर्ति प्रदेश भर में सुचारु रूप से की जा रही है। जिलों के सभी थोक केंद्रों और उचित मूल्य की दुकानों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तेल उपलब्ध करवाया जा रहा है।
राज्य विशेष अनुदानित योजना के तहत राशन कार्ड में दर्ज परिवार के सदस्यों की संख्या के आधार पर फोर्टिफाइड खाद्य तेल का मासिक कोटा निर्धारित किया गया है। एक या दो सदस्यों वाले राशन कार्ड पर एक लीटर, जबकि तीन या इससे अधिक सदस्यों वाले परिवार को दो लीटर खाद्य तेल प्रतिमाह उपलब्ध करवाया जाएगा।
खाद्य आपूर्ति निगम की एमडी कुमद सिंह ने कहा कि निगम का प्रयास रहता है कि प्रदेश के उपभोक्ताओं को आवश्यक वस्तुओं का निर्धारित कोटा संबंधित माह में समय पर उपलब्ध करवाया जाए। अधिकारियों के अनुसार दीपावली से पहले सरसों तेल की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है, ताकि पात्र राशन कार्डधारकों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।