हिमाचल प्रदेश में मानसून का असर अभी जारी रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) शिमला केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 5 से 10 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर और सोलन सहित कई जिलों में 10 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। वहीं कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। बारिश के चलते संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), नदियों और नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि पहाड़ी सड़कों पर फिसलन, कम दृश्यता और ट्रैफिक बाधित होने जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं। इसका असर बागवानी, कृषि और सामान्य जनजीवन पर पड़ सकता है।

मौसम संबंधी अलर्ट
आईएमडी ने लोगों को नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सलाह का पालन करने को कहा है। मौसम संबंधी अलर्ट पर लगातार नजर रखने की भी सलाह दी गई है। इसके अलावा 10 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में तेजी से बदलाव संभव है, इसलिए लोग सावधानी बरतें और यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें।
Himachal News Today : 1 सितंबर से हिमाचल के स्कूलों में लगेगी ऑनलाइन हाजिरी
