हिमाचल प्रदेश में मानसून के अगले कई दिनों तक सक्रिय रहने का अनुमान है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने अगले 24 घंटे, यानी 31 जुलाई सुबह 5:30 तक राज्य के सात जिलों में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का जोखिम बताया है।
कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों के लिए यह चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार इन जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और निचले इलाकों में अचानक पानी बढ़ने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों से नदी-नालों और खड्डों के किनारे जाने से बचने तथा मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की अपील की गई है।
5 अगस्त तक अलर्ट
विभाग का कहना है कि राज्य में 5 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है और इस अवधि के लिए यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, चट्टानें गिरने और निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका बनी रहेगी। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वीरवार सुबह से बादल छाए रहे और कुछ जगह हल्की बारिश भी हुई।
Himachal News: सरकारी स्कूलों में अब सप्ताह में 2 दिन मिलेंगे उबले अंडे या फल
