हिमाचल प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाली 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं पांच अप्रैल से प्रभावित हो सकती हैं। राज्यस्तरीय एंबुलेंस कांट्रेक्ट यूनियन ने राज्यस्तरीय हड़ताल की चेतावनी दी है। इस कारण इमरजेंसी में एंबुलेंस सेवाएं नहीं मिल पाएंगी। इससे पहले भी कर्मचारी हड़ताल पर जा चुके हैं, इस दौरान अन्य सरकारी एंबुलेंस के भरोसे काम चलाया जाता रहा है। लेकिन मरीजों को काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। हड़ताल पांच अप्रैल शाम आठ बजे से शुरू होकर 11 अप्रैल सुबह आठ बजे तक चलेगी। हड़ताल से प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है।
50 कर्मचारियों को बिना ठोस कारण नौकरी से निकाला
यूनियन के महासचिव बालकराम ने बताया कि हड़ताल का निर्णय मजबूरी में लिया है। सरकार को लिखित में 14 दिन पहले सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा करीब 50 कर्मचारियों को बिना ठोस कारण नौकरी से निकाला गया है।
सरकार और कंपनी कर रही अनदेखी
कर्मचारियों के साथ मानसिक व प्रशासनिक प्रताड़ना की शिकायतें व लंबे समय से वेतन विसंगतियां दूर नहीं हो रही हैं। कई बार मांगें उठाने के बावजूद सरकार और कंपनी ने अनदेखी की है।
नोटिस के बावजूद नहीं की बातचीत की पहल
यूनियन ने दावा किया कि हड़ताल का नोटिस देने के बावजूद सरकार या कंपनी की ओर से बातचीत के लिए कोई पहल नहीं की गई है। ऐसे में उन्होंने हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
हिमाचल-पंजाब सीमा पर एंट्री टैक्स पर फिर बवाल, गरामोड़ा में जोरदार धरना-प्रदर्शन
