हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों में बुजुर्गों का घर-द्वार पर उपचार होगा। एंबुलेंस घर आएगी। इसमें डॉक्टर, नर्स और एक फार्मासिस्ट रहेगा। डॉक्टर घर पर ही मरीजों का उपचार करेंगे। मरीजों को निशुल्क दवाइयां दी जाएंगी, सैंपल भी घर में ही लिए जाएंगे। इसकी रिपोर्ट मरीजों के परिजनों के मोबाइल नंबर पर आएगी।
अगर बुजुर्ग गंभीर बीमारियों से ग्रस्त पाया जाता है तो ऐसी स्थिति में नजदीक अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में हिमाचल की जनता को घर-द्वार पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की गारंटी दी है। इसको पूरा करने के लिए सचिवालय में अधिकारियों की बैठक हो चुकी है।



