hpseb
Himachal Electricity Board: हिमाचल प्रदेश में बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर अब बिजली बोर्ड सख्ती करेगा। उपभोक्ता के पास जमा सिक्योरिटी राशि से अधिक बिजली बिल की बकाया होते ही उसका बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए बार-बार नोटिस जारी करने की औपचारिकता नहीं निभाई जाएगी। बिजली बोर्ड प्रबंधन ने अधिकारियों को लंबित बिलों की वसूली में तेजी लाने और भुगतान में लापरवाही बरतने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

बोर्ड के प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में बिजली बिलों की रिकवरी और लंबित भुगतान के मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि बिल जमा करने की निर्धारित अंतिम तारीख समाप्त होने के बाद भी भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से ऐसे मामलों में, जहां बकाया राशि उपभोक्ता की जमा सिक्योरिटी राशि से अधिक हो जाती है।
प्रबंधन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बार-बार नोटिस जारी करने और उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए याद दिलाने में समय बर्बाद करने के बजाय वसूली की कार्रवाई पर ध्यान केंद्रित किया जाए। बोर्ड का मानना है कि समय पर बिजली बिलों की वसूली नहीं होने से आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। ऐसे में राजस्व संग्रहण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सख्ती जरूरी है। प्रदेश में बिजली बोर्ड के करीब 28 लाख उपभोक्ता हैं। इनमें घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं। इनसे हर महीने बिजली बिलों के माध्यम से राजस्व प्राप्त होता है।
Himachal Electricity Board – Electricity Connection Disconnection
हिमाचल में सेब के पेड़ों पर कैंकर रोग, नमी की कमी से बागवान चिंतित
