Himachal: स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 12 इलेक्ट्रिक स्कूटरों को मुख्यमंत्री सुक्खू ने दिखाई झंडी

CM SUKHU

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को ओक ओवर शिमला से 12 इलेक्ट्रिक स्कूटरों को झंडी दिखाकर रवाना किया। हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति की ओर से स्वास्थ्य विभाग को प्रदान किए गए इन ई-स्कूटरों को प्रदेश के आठ जिलों में तैनात किया जाएगा।  सरकार की इस पहल का उद्देश्य घरद्वार के निकट एचआईवी, एसटीआई, टीबी और हेपेटाइटिस से ग्रसित मरीजों को दवाइयां, जांच और परामर्श की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना है।

 

प्रदेश में कोई भी व्यक्ति बेहतर उपचार सुविधा से वंचित न रहे, इसके दृष्टिगत हिमाचल में पहली बार इस तरह का समर्पित प्रयास किया गया है। सरकार के इस संवेदनशील निर्णय से इन बीमारी से ग्रसित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें दवाई की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी जिससे वे स्वस्थ्य जीवन व्यतीत कर सकेंगे।

 6 हजार से अधिक व्यक्ति एचआईवी से ग्रसित
स्वास्थ्य विभाग और राज्य एड्स नियंत्रण समिति की इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रेड रिबन क्लब, युवा, शैक्षणिक संस्थान और गैर सरकारी संस्थाएं एचआईवी के बारे में लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रदेश को एचआइवी मुक्त बनाना सरकार और लोगों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ई-स्कूटर सरकार के प्रयासों को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6 हजार से अधिक व्यक्ति एचआईवी से ग्रसित हैं, जिनमें से अधिकांश में इस वायरस का प्रभाव कम है जो सरकार की नीतियों और निरंतर प्रयासों की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत प्रदेश सरकार राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे रही है और इसी दिशा में स्वास्थ्य विभाग को ई-स्कूटर प्रदान किए गए हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!