मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दूषित आटा और खराब पनीर पकड़ा

MANDI

मंडी शहर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बस स्टैंड की एक दुकान में खाद्य पदार्थ तैयार करने के लिए गूंथे गए आटे में कॉकरोच पाए गए। यानी जिस आटे से लोगों के खाने के लिए खाद्य सामग्री तैयार की जानी थी, उसी में कीड़े रेंग रहे थे।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान यह गड़बड़ पकड़ी और मौके पर ही दूषित आटे को नष्ट करवा दिया। विभाग की कार्रवाई में खराब पनीर और सब्जियां भी बरामद हुईं। कुल छह दुकानदारों के चालान काटे गए हैं, जिन्हें आगामी कार्रवाई के लिए एडीएम कोर्ट भेजा जाएगा।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंडी शहर के बस स्टैंड में अचानक छापेमारी कर दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की। इस दौरान एक दुकान में गूंथे हुए आटे में कॉकरोच मिलने से खाद्य पदार्थों की स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

 

विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आटे को नष्ट करवाया और संबंधित दुकानदार का चालान काटा। छापेमारी के दौरान टीम को पांच किलो पनीर भी मिला, जिसे इस्तेमाल के योग्य नहीं पाया गया। इस कार्रवाई ने शहर में खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई और सुरक्षित रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि विभाग किसी भी सूरत में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलावाड़ नहीं सहेगा। आने वाले समय में छापेमारी जारी रहेगी। मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए विभाग ने बर्फी, लड्डू और काजू जलेबी के तीन सैंपल भी भरे। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

 

खुली सिगरेट  दस हजार का चालान

दो दुकानदार खुले में सिगरेट बेचते हुए भी पाए गए। विभाग ने दोनों के पांच-पांच हजार रुपए के चालान किए। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अलग-अलग उल्लंघनों के मामलों में कुल छह दुकानदारों के चालान काटे गए हैं। इन्हें आगामी कार्रवाई के लिए एडीएम कोर्ट भेजा जाएगा।

 

हिमाचल के TGT शिक्षकों को HAS परीक्षा में बैठने की अनुमति, छुट्टी पर बड़ा फैसला

Author: Bolta Himachal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *