चम्बा: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत INDIA गठबंधन के नेताओं को हिरासत में लिए जाने और प्रियंका गांधी के साथ कथित बदसलूकी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा ने जोरदार हमला बोला है। जिला उपायुक्त कार्यालय चम्बा के बाहर एकत्रित होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ उग्र धरना-प्रदर्शन किया तथा जमकर नारेबाजी की।
लोकतंत्र का गला घोंट रही है केंद्र सरकार: सुरजीत भरमौरी
प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत भरमौरी ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विपक्षी नेता पूर्णतः लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे थे। लेकिन केंद्र सरकार के इशारे पर पुलिस बल का बेजा इस्तेमाल कर लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया गया। प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ जिस तरह से धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किया गया, उसे देश की जनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
सत्ता के लालच में दमनचक्र चला रही है भाजपा: सुरेंद्र भारद्वाज
पूर्व विधायक चुराह एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के लालच में भाजपा घिनौने हथकंडे अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनमत और वोट चोरी के दम पर बनी यह सरकार अब विपक्ष और जनता की आवाज दबाने के लिए दमनचक्र चला रही है, जो बेहद निंदनीय है।
वहीं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार देश की संवैधानिक संस्थाओं और सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक कांग्रेस का यह प्रदर्शन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
प्रदर्शन में ये नेता रहे मौजूद
धरना प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस चम्बा अध्यक्ष ओम प्रकाश, जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव नरेश राणा, लियाकत खान, महासचिव कपिल भूषण, महासचिव भानू प्रताप सिंह, सेवादल अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा राजू, महासचिव महेंद्र ठाकुर, अजय जरयाल, वरिष्ठ नेता जगदीश हांडा, खालिद मिर्जा, किसान कांग्रेस अध्यक्ष बंटू सोनी, चमन शर्मा,पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू कुमारी, निशा कुमारी, रजनी देवी सहित विभिन्न फ्रंटल संगठनों के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिमाचल कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की नई कार्यकारिणी घोषित, 75 पदाधिकारी नियुक्त
