Himachal Congress : हिमाचल में आपदा प्रबंधन पूरी तरह से असफल रहा है। यह आरोप कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने लगाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार और आपदा प्रबंधन के बीच कोई भी तालमेल नहीं है। भारी बारिश के चलते, बादल फटने व बाढ़ से निपटने के कोई भी पुख्ता इंतजाम न तो सरकार के पास हैं और न ही आपदा प्रबंधन के पास।
प्रदेश में आपदा प्रबंधन सफेद हाथी साबित हो रहा है जिस पर सरकार हर वर्ष करोड़ों रुपए खर्च करती है। किन्नौर जिले के न्यूगलसेरी में पहाड़ दरकने से हुए जानमाल के नुक्सान पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि आए दिन भारी बारिश के चलते पहाड़ दरक कर सड़कों में गिर रहे हैं।
न्यूगलसेरी हादसे में 14 लोगों की मृत्यु बहुत ही दुखद
पिछले दिनों सिरमौर में भी ऐसी ही पहाड़ी दरकी पर गनीमत रही कि वहां जानमाल को कोई नुक्सान नहीं हुआ पर किन्नौर के न्यूगलसेरी में हुए इस हादसे में अभी तक 14 लोगों की मृत्यु बहुत ही दुखद है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा समय-समय पर सड़कों के आसपास, विशेष तौर पर जहां पहाड़ों से मलबा नीचे आ रहा होता है या सड़क धंस रही होती है वहां उसे मार्क कर खतरे के प्रति आगाह किया जाता है पर अब ऐसा नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने इस दुर्घटना के लिए पूरी तरह लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली को दोषी ठहराया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रदेश में भारी बारिश से हुए नुक्सान का तुरंत आकलन किया जाना चाहिए और प्रभावित लोगों को उनके नुक्सान की भरपाई भी की जानी चाहिए।
सराज में विकास के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे मुख्यमंत्री
कुलदीप राठौर ने मंडी जिला के जंजैहली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सरकार प्रदेश ही अपितु सराज के लोगों को भी विकास के नाम पर गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा मुख्यमंत्री जी आपने अपनी शान शौकत को पूरा करने के लिए सराज में 12 हैलीपैडों का निर्माण करवा दिया है, जबकि देवभूमि और आपको बोट देने वाली भोलीभाली जनता सीएम के इलाके में भी सड़कों में पड़े गड्ढों में गोते खा रही है। सुना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सराज का ही विकास करवाने में जुटे हैं यह सही नहीं है। मौके पर देखने के बाद भी विकास दूर-दूर तक नजर नहीं आया है।
भाजपा की चार्जशीट पर धमकाने की बजाय करें कार्रवाई : कौल सिंह
पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा की चार्जशीट झूठ का पुलिंदा है। उन्होंने 8 हजार आशा वर्करों की नियुक्ति करवाई है। सभी प्रशासनिक अधिकारियों के नेतृत्व में बोर्ड गठित कर करवाई है। एसआर लैब मरीजों की सुविधा के लिए खोली गई थी, जिससे 24 घंटे मरीजों को टैस्ट की सुविधा प्राप्त है अगर उसमें गलत था तो सरकार लोगों को मिलने वाली सुविधा से अपनी पीठ क्यों थपथपा रही। आशा वर्करों की भर्ती में भाजपा को घोटाला नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर जांच का डर दिखाकर धमकाना बंद करें। अगर दम है तो सरकार कार्रवाई करे।
सराज में विकास वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से हुआ : चेतराम
पार्टी के प्रदेश महासचिव चेतराम ने सराज भाजपा के विधायक एवं सूबे के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी के राज में विधायक बने बिना जंजैहली में एसडीएम, बालीचौकी को तहसील, छतरी को उपतहसील, सिविल अस्पताल समेत सराज में 5 सब्जी मंडियां, 3 डिग्री कॉलेज, 22 12वीं स्कूल खोल कर ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
सभी कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से हुए हैं। इसी प्रकार सराज के विभिन्न क्षेत्रों को जोडऩे के लिए जंजैहली से बालीचौकी, जंजैहली से करसोग, शैटाधार, थाटा, सोमनाचनी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछाकर सराज के विकास में नए आयाम स्थापित किए हैं लेकिन जयराम ठाकुर बताएं कि उन्होंने 20 साल तक सराज का विधायक होने के नाते अपनी सरकारों से कौन-सी बुलंदियों के झंडे गाड़े हैं।