CoronaVirus: केरल और महाराष्ट्र सहित देश के पांच राज्यों में हफ्ते भर में कोरोनो वायरस के मामलों में वृद्धि देखी गई है। इनमें से कुछ जगहों पर रोजाना संक्रमण के मामलों में एक तेजी देखने को मिली है।

मामलों में यह वृद्धि वायरस में नए म्यूटेशन के डर को बढ़ा रहा है। बताया जा रहा है कि करेल और महाराष्ट्र के अलावा पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी कोविड मामले तेजी से बढ़े हैं। देश में 24 घंटों में 13,993 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि 29 जनवरी के बाद यह एक दिन में दर्ज किए जाने वाले कोरोना के सबसे अधिक मामले हैं। मामलों में वृद्धि को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने वायरस के संचरण

की शृंखला को तोड़ने और बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए कोविड-19 से बचने के लिए जरुरी चीजें लोगों से अपनाने की बात दोहराई है। कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में पिछले 7 दिन से नए केस बढ़ रहे हैं।
देश के कुल एक्टिव केसों के 75 फीसदी से ज्यादा मामले तो सिर्फ महाराष्ट्र और केरल में हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में, राज्य में 6,112 नए मामले, केरल में 4,584, पंजाब में 383, मध्य प्रदेश में 297 व छत्तीसगढ़ में 259 नए मामले सामने आए हैं।
दो दिन से 13 हजार से अधिक नये मामले
देश में कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण में तेजी के साथ दो दिन से 13 हजार से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं, जिससे सक्रिय मामले बढ़ने का सिलसिला जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में गत 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 13,993 नए मामले सामने आए।
सक्रिय मामलों में 3585 की बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 10,307 मरीज स्वस्थ हुए। इसी अवधि में 101 और मरीजों की मौत हो गई। देश में रिकवरी दर घटकर 97.27 और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 1.30 प्रतिशत हो गई है, जबकि मृत्युदर अभी 1.42 फीसदी है।
मुंबई में 1305 इमारतें सील
मुंबई। मुंबई में अचानक कोरोना वायरस संक्रमण में तेजी की वजह से बीएमसी ने पाबंदी शुरू कर दी है। मुंबई में 1305 इमारतों को सील कर दिया गया है। इनमें 71,838 परिवार रहते हैं। मुंबई में 2749 केस आने के बाद बीएमसी ने यह फैसला लिया है।

बृहन्मुंबई नगर निगम ने गुरुवार को बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच मुंबई के लिए नई गाइडलाइन जारी की थी। इसमें कहा गया था कि यदि किसी बिल्डिंग में पांच या उससे ज्यादा कोरोना के मामले मिलते हैं तो फिर पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया जाएगा। इसके अलावा, अगर मरीज होम क्वारंटाइन में रहना पसंद करता है तो फिर उसके हाथों में स्टैंप लगाया जाएगा।